बरेली

बाल मेला सिर्फ कागजों में

70 में होना था बाल मेला, सिर्फ तीन में हुआ

निर्देश और धनराशि के बाद भी 67 में नहीं हुआ आयोजन
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली / फतेहगंज पश्चिमी। ब्लॉक के 70 सरकारी विद्यालयों में शनिवार को माता-अभिभावक बैठक सह बाल मेला महज तीन विद्यालयों तक सिमट गया। निर्देश और धनराशि मिलने के बावजूद 67 में आयोजन नहीं हुआ। बाल विकास परियोजना कार्यालय के जिम्मेदार अधिकारियों को भी कार्यक्रम की जानकारी नहीं थी।
शासन की मंशा बच्चों को खेल-खेल में सिखाने, रचनात्मक प्रतिभा निखारने और अभिभावकों को प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ने की थी। इसके लिए को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्रों वाले 70 विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों के नेतृत्व में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से खेल प्रतियोगिताएं, मनोरंजक गतिविधियां और रचनात्मक कार्यक्रम होने थे।
राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को पत्र लिखकर बाल मेला कराने के निर्देश दिए थे। खर्च और विजेता बच्चों को पुरस्कार के लिए हर विद्यालय की विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में 1500 रुपये भेजे गए थे। इसके बावजूद सिर्फ रहेपुरा जागीर, राफियाबाद और तुरसा पट्टी में ही बाल मेला हुआ।
मेले की थीम ‘छोटे कदम, बड़ी उम्मीदें, साथ मिलें तो सपने पूरे होंगे’ थी। ब्लॉक सीडीपीओ रामगोपाल वर्मा और मुख्य सेविका दीक्षा शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में 70 को-लोकेटेड केंद्र हैं, उन्हें आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से कार्यक्रमों की जानकारी मिल रही है। खंड शिक्षा अधिकारी रमेश पंकज ने कहा कि ज्यादातर जगह बाल मेले हुए हैं, शिक्षक जनगणना और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के काम में लगे हैं। जहां आयोजन नहीं हुआ, वहां जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button