ललितपुर
विधायक खेल स्पर्धा में खड़ोवरा विद्यालय के खिलाडिय़ों ने लहराया जीत का परचम
जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन

विद्यालय प्रबंधक पं.सुनील शर्मा ने खिलाडिय़ों और प्रशिक्षकों को दी बधाई
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। विधायक खेल स्पर्धा 2026 में पं.रुद्रनारायण त्रिवेणी शर्मा मेमोरियल हाईस्कूल खड़ोवरा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग में विजेता बनने का गौरव हासिल किया। खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन, मेहनत और टीम भावना का परिचय देते हुए जीत का परचम लहराया। ग्रामीण क्षेत्र के खिलाडिय़ों की इस सफलता ने विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि में विद्यालय के खेल शिक्षक राम जू यादव एवं संजय राजा का विशेष योगदान रहा। उन्होंने खिलाडिय़ों को नियमित अभ्यास कराकर प्रतियोगिता के लिए तैयार किया और उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय प्रबंधक एवं वरिष्ठ पत्रकार पं. सुनील शर्मा ने विजेता खिलाडिय़ों तथा खेल शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। विद्यालय शिक्षा के साथ खेल एवं अन्य सहशैक्षिक गतिविधियों में भी विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। प्रधानाचार्य आशीष दीक्षित ने कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी अपनी पहचान स्थापित कर सकती हैं। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं स्टाफ ने विजेता खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



