बरेली
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजनान्तर्गत बैंकों को ऋण वितरण हेतु आंवटित लक्ष्यों की करी समीक्षा
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में लक्ष्य पूर्ति के लिए बैंकों को दिए गए आवश्यक दिशा निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली । जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजनान्तर्गत बैंकों को ऋण वितरण हेतु आंवटित लक्ष्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न बैंकों की प्रगति की समीक्षा करते हुए पाया कि सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अपने लक्ष्य की प्राप्ति कर ली है। वहीं एक्सिस बैंक की प्रगति लक्ष्य के सापेक्ष शून्य पाई गई। आई0सी0आई0सी0आई0 बैंक में प्राप्त 22 आवेदनों के सापेक्ष केवल एक आवेदन पर ऋण वितरण तथा दो आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि प्रतिदिन एक आवेदन भी स्वीकृत किया जाए तो निर्धारित लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी बैंकों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत ऋण वितरण के आवंटित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि योजना की प्रगति की पुनः समीक्षा 23 जुलाई को की जाएगी, तब तक सभी बैंक अपना लक्ष्य पूर्ण कर लें। बैठक में परियोजना निदेशक डी0आर0डी0ए0,जी0एम0डी0आई0सी0, लीड बैंक मैनेजर, बैंकर्स सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



