बरेली

सुपीरियर इंडस्ट्रीज के प्रबंधक समेत चार पर हत्या का मुकदमा दर्ज 

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : सीबीगंज स्थित सुपीरियर इंडस्ट्रीज में मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने फैक्टरी प्रबंधक सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मृतक के बेटे की तहरीर पर यह कार्रवाई की गई है। मजदूर सत्यपाल सागर की मौत के बाद मंगलवार को परिजनों ने फैक्टरी के गेट पर शव रखकर चार घंटे तक हंगामा व प्रदर्शन किया था। तब पुलिस की मौजूदगी में फैक्टरी प्रबंधन और परिजनों के बीच समझौते के लिए वार्ता हुई। फैक्टरी प्रबंधन ने मृतक की पत्नी को एक लाख रुपये और आजीवन पेंशन देने की पेशकश की। हालांकि, परिजन इससे सहमत नहीं हुए। उन्होंने हत्या का आरोप लगाया तो पुलिस ने शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा। बृहस्पतिवार को पोस्टमाॅर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गांव के श्मशान में उनका अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के बेटे गौतम कुमार ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके पिता की षड्यंत्र के तहत हत्या की गई है। गौतम ने फैक्टरी प्रबंधन, एचआर मैनेजर दिनेश मिश्रा, सुपरवाइजर और लोडर चालक पर आरोप लगाया। गौतम के अनुसार, एचआर मैनेजर ने पहले बताया कि उनके पिता भूसी के टैंक में गिरकर मरे। बाद में उन्होंने सीसीटीवी फुटेज दिखाने से मना कर दिया। उन्होंने रिपोर्ट न दर्ज कराने के बदले एक लाख रुपये व आजीवन पेंशन का प्रस्ताव दिया, जिसे गौतम ने नकार दिया। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। सीओ टू नितिन कुमार ने बताया कि फैक्टरी प्रबंधक, एचआर मैनेजर दिनेश मिश्रा, सुपरवाइजर और लोडर चालक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button