गोड्डा

7,229 अभ्यर्थियों में 1,466 हुए शामिल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी), रांची द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा गोड्डा जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक एवं सुदृढ़ प्रशासनिक तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।
परीक्षा के दौरान जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के द्वारा संयुक्त रूप से महिला महाविद्यालय, गोड्डा, प्लस टू उच्च विद्यालय, गोड्डा सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी की कार्यशीलता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्राधीक्षकों, वीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। साथ ही जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से पूरे परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों की सतत निगरानी की गई।
परीक्षा से संबंधित आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 7,229 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,466 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 5,763 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार जिले में परीक्षा में लगभग 20.28 प्रतिशत उपस्थिति तथा 79.72 प्रतिशत अनुपस्थिति दर्ज की गई। जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी संचालन में सहयोग देने वाले सभी केंद्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button