बाराबंकी
जकरिया में ग्राम प्रधान ने हटवाया गोबर का अतिक्रमण
साप्ताहिक बाजार और प्राथमिक विद्यालय के पास से जेसीबी से हटाया गया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी के विकास खंड मसौली क्षेत्र के कस्बा जकरिया में ग्राम प्रधान अनिल वर्मा ने बुधवार को एक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। उन्होंने साप्ताहिक बाजार और प्राथमिक विद्यालय के पास ग्रामीणों द्वारा लगाए गए गोबर के घूरों को जेसीबी की मदद से हटवाया।
ग्राम प्रधान अनिल वर्मा ने बताया कि इन घूरों के कारण क्षेत्र में गंदगी फैली रहती थी। बारिश के मौसम में यह स्थिति और खराब हो जाती थी, जिससे बाजार आने वाले ग्रामीणों और स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी परेशानी होती थी।
जकरिया में मंगलवार और शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार लगती है, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान सब्जी खरीदने आते हैं। भीड़ अधिक होने के कारण जगह की कमी महसूस होती थी, और गोबर के घूरों के कारण स्थिति और जटिल हो जाती थी। प्राथमिक विद्यालय भी इसी स्थान के बगल में स्थित है।



