
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महगामा। गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कद्दू टोला में अवैध कोयला कारोबार और भंडारण के खिलाफ पुलिस और ईसीएल की CISF की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। ललमटिया पुलिस और ईसीएल की CISF की संयुक्त टीम ने इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए करीब 8 टन अवैध कोयला जब्त किया है।जानकारी के अनुसार, ललमटिया थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह, महागामा थाना प्रभारी मनोज पाल, महागामा पुलिस निरीक्षक उपेंद्र कुमार महतो और मेहरमा पुलिस निरीक्षक रूबी एड्रिना मिंज समेत ईसीएल की CISF टीम ने संयुक्त रूप से कद्दू टोला में कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान टीम ने अवैध रूप से रखे गए करीब 8 टन कोयले को जब्त किया। वहीं, पुलिस और CISF की टीम ने स्थानीय लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि वाहनों से कोयला उतारकर अवैध रूप से स्टॉक करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस और सुरक्षा बलों ने साफ कर दिया है कि क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। मौके पर ललमटिया थाना के एएसआई सुरेंद्र यादव, शंकर यादव, ब्रजेश सिंह, सरोज सोरेन सहित सशस्त्त बल ईसीएल CISF के एरिया सिक्योरिटी ऑफिसर चरणजीत सिंह, वरीय सुरक्षा निरीक्षक दिनेश ओझा और ईसीएल के CISF मौजूद थे।



