
सभासद व भाजपा नेता ने की जिलाधिकारी से शिकायत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
औरंगाबाद बुलंदशहर पंचायत की शोर भूमि पर नगर पंचायत के ही कुछ भृष्ट अधिकारी कर्मचारियों की शह और संरक्षण में अवैध कब्जा धड़ल्ले से किया जा रहा है। एक जागरूक सभासद ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर नगर पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा रुकवाये जाने की मांग की है। एक भाजपा नेता ने भी जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर अवैध कब्जे कराने वाले अधिकारी कर्मचारियों को दण्डित करने की मांग की है।
नगर पंचायत के सर्वेसर्वाओं का नया कारनामा प्रकाश में आया है। जब बाड खेत को खाने लगे तो खेत की रक्षा कौन करेगा कि तर्ज़ पर नगर पंचायत के सर्वेसर्वाओं पर खुद ही अवैध कब्जा कराने का संगीन आरोप एक सभासद ने लगाया है।
वार्ड 11के सभासद अखलाख कुरैशी उर्फ सूका मैम्बर ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर अवगत कराया है कि कस्बे के पवसरा रोड तिराहे पर स्थित नगर पंचायत के गाटा संख्या 258 राजस्व अभिलेखों में शोर भूमि के रूप में दर्ज है। वर्ष 2005 में इसमें से कुछ रकबा नगर पंचायत के द्वारा लीज पर दिया गया था। लीज मालिक की मौत के बाद उसका बेटा नगर पंचायत के सर्वेसर्वाओं की मिली भगत से निर्माण कार्य शुरू कर अवैध कब्जा पूरी जमीन पर कर रहा है। शिकायत कर्ता ने जिलाधिकारी से मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर कठोर कार्रवाई करने और अवैध कब्जे को रुकवाये जाने की मांग की है। इसी मामले को लेकर पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष ग्रीस लोधी ने भी जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर जांच पड़ताल कराकर कार्रवाई करने की मांग की है।



