गोड्डा
छात्रों की आवाज़ के आगे झुकना पड़ा सत्ता को, छात्र आंदोलन की जीत: एकरारूल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एकरारूल हसन ने कहा कि देश भर के छात्रों के लोकतांत्रिक संघर्ष, साझा विपक्ष के निरंतर दबाव और करोड़ों युवाओं की एकजुट आवाज़ के आगे आखिरकार केंद्र सरकार को झुकना पड़ा। यह किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि भारत के करोड़ों छात्रों, युवाओं और उनके परिवारों की जीत है, जिन्होंने बेहतर शिक्षा व्यवस्था लेकर लगातार संघर्ष किया।
NEET पेपर लीक, भ्रष्टाचार और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा सरकार को दिए गए अल्टिमेटम और छात्र आंदोलन के बाद आज अंततः केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपना इस्तीफा देना पड़ा। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता एकरारूल हसन ने कहा कि “शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज को दबाने के लिए लाठीचार्ज, दमनकारी उपायों का सहारा लिया गया। लेकिन सत्य की आवाज को दबा नहीं सका। अंततः छात्रों की गूँज सत्ता के दरवाज़े तक पहुँची। उन्होंने कहा की ये लोकतंत्र और युवाओं के संघर्ष की जीत है, लेकिन सिर्फ इस्तीफे से बात नहीं बनेगी। NEET में शामिल सभी दोषियों पर CBI जांच हो, प्रभावित छात्रों को न्याय व मुआवजा दिया जाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर छात्र, हर युवा और उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी।



