खैरथल
खैरथल में महिलाओं को राजकॉप सिटीजन ऐप एवं साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। महिलाओं की सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव के उद्देश्य से खैरथल गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को राजकॉप सिटीजन ऐप की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या आपात स्थिति में वे ऐप के माध्यम से तुरंत शिकायत दर्ज कर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकती हैं। साथ ही एसओएस सुविधा एवं अन्य नागरिक सेवाओं के उपयोग की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, यूपीआई पिन तथा अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। फर्जी कॉल, मैसेज और संदिग्ध ऑनलाइन लिंक से सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत पुलिस एवं संबंधित माध्यमों पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
कार्यक्रम में कॉन्स्टेबल सतवीर, सुरक्षा सखी मनीषा, शिवानी शर्मा एवं गोमती उपस्थित रहीं। सभी ने महिलाओं से डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने का आग्रह किया।


