गाजियाबाद

हर बूथ पर गूंजा ‘मन की बात’, कार्यकर्ताओं ने सुना प्रधानमंत्री मोदी का 136वां एपिसोड

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का रविवार को लोनी विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथों पर सामूहिक श्रवण किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम सुना और प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेशों पर चर्चा की।
भाजपा गाजियाबाद के जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल सिंह ने संगम विहार मंडल में जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों एवं बूथ अध्यक्षों के साथ कार्यक्रम सुना।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के अमर शहीदों और वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया। उन्होंने दिल्ली से द्रास तक निकाली जा रही ‘वन राइड, वन नेशन, वन सैल्यूट’ मोटरसाइकिल यात्रा का भी उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने ‘कैच द रेन’ अभियान के माध्यम से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्ति के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। आगामी त्योहारों में मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं को अपनाने और प्लास्टिक-मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने की भी अपील की।
उन्होंने रक्षा क्षेत्र में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता, पिनाका और कुशा जैसी स्वदेशी रक्षा प्रणालियों की उपलब्धियों तथा युवाओं के वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना की। इसके साथ ही इंटरनेशनल साइंस ओलंपियाड में भारतीय छात्रों की सफलता, बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और भारतीय महिला क्रिकेट टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन की भी प्रशंसा की।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए आगामी स्वतंत्रता दिवस पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़कर राष्ट्रभक्ति का संदेश घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button