
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। सकौती गांव को चौसाना मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क बदहाली का शिकार हो रही है। जगह-जगह गहरे गड्ढों और उखड़ी सड़क के कारण ग्रामीणों व गन्ना किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की जर्जर हालत से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को क्षतिग्रस्त मार्ग पर प्रदर्शन कर लोक निर्माण विभाग से तत्काल मरम्मत कराने की मांग उठाई। साथ ही ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सीएम को भी शिकायत की गई।
चौसाना चौकी क्षैत्र के गांव सकौती में ग्रामीणों ने सडक मरम्मत की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि यही मार्ग क्षेत्र के सैकड़ों किसानों के लिए शुगर मिल तक गन्ना पहुंचाने का प्रमुख रास्ता है। गन्ने से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य भारी वाहन प्रतिदिन इसी सड़क से गुजरते हैं, लेकिन गहरे गड्ढों के कारण हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। ग्रामीणों का दावा है कि कई बार वाहन असंतुलित होकर पलट चुके हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ जान का भी जोखिम उठाना पड़ता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराते हुए सड़क निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसानों का शुगर मिल तक गन्ना पहुंचाना और भी कठिन हो जाएगा तथा किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि लोक निर्माण विभाग द्वारा प्राथमिकता के आधार पर इस मार्ग की मरम्मत कराई जाए, ताकि क्षेत्र के किसानों और आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।प्रदर्शन में महिपाल सिंह, विक्रम, जयपाल, शमशेर, इंद्रपाल, वीरपाल, प्रदीप, सुरेश, धीरज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

