
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 04/2026 के तहत होने वाली झारखंड प्रशिक्षित सहायक आचार्य प्रतियोगिता परीक्षा में पिछड़ा वर्ग (BC-I और BC-II) के लिए आरक्षण नहीं दिए जाने पर राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा जिला गोड्डा ने विरोध जताया है। सोमवार को राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजकुमार भगत के एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि भर्ती के कुल 1909 पदों में एसटी के लिए 640, एससी के लिए 186 और ईडब्ल्यूएस के लिए 185 पद आरक्षित किए गए हैं जबकि BC-I और BC-II के लिए एक भी पद नहीं रखा गया है। मोर्चा का कहना है कि झारखंड में पिछड़ा वर्ग को 14 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है इसलिए उन्हें इस भर्ती में आरक्षण मिलना चाहिए। राजकुमार भगत ने आरोप लगाया कि JSSC ने अदालत के आदेश की गलत व्याख्या करते हुए पिछड़ा वर्ग को आरक्षण से वंचित किया है। उन्होंने कहा कि यह समान अवसर के सिद्धांत के खिलाफ है।



