गोड्डा

पारसपानी राजकीय होम्योपैथिक कॉलेज पहुंचे उपायुक्त

छात्रों की प्रमुख मांगों पर कार्रवाई का दिया आश्वासन

उपायुक्त से वार्ता के बाद धरना प्रदर्शन समाप्त
बिजली-पानी, आईपीडी संचालन, बस-एम्बुलेंस, नए छात्रावास
 कई सुविधाओं पर जल्द कार्रवाई, संपर्क मार्ग की मरम्मत शुरू
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पथरगामा। राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, परसपानी में मंगलवार को उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर छात्रों की समस्याएं सुनीं और उनकी प्रमुख मांगों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उपायुक्त के आश्वासन के बाद पिछले चार दिनों से चला आ रहा धरना प्रदर्शन छात्रों ने समाप्त कर दिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बिजली एवं पानी की समुचित व्यवस्था, इंडोर स्टेडियम के निर्माण, कॉलेज के सौंदर्यीकरण, आईपीडी (इंडोर पेशेंट विभाग) के संचालन, कॉलेज के लिए एक बस एवं एम्बुलेंस उपलब्ध कराने तथा इंटर्न छात्रों के कॉलेज परिसर में ही रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। इसके अलावा उपायुक्त ने नव-निर्मित छात्रावास को जल्द हैंडओवर करने के निर्देश दिए। कॉलेज पुस्तकालय को 24 घंटे संचालित करने की अनुमति दिलाने तथा छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के साथ डीएसपी गोड्डा, नगर थाना एवं मुफस्सिल थाना प्रभारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरगामा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहन पासवान, प्रखंड विकास पदाधिकारी  पथरगामा नितेश कुमार गौतम, भवन निर्माण विभाग के अधिकारी, कॉलेज  प्राचार्य अशोक पासवान एवं संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद थे। इस अवसर पर मंत्री संजय प्रसाद यादव के पुत्र रजनीश यादव भी उपस्थित थे। उन्होंने पूर्व में छात्रों की समस्याएं सुनी थी और सभी मांगों को पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया था। इसके परिणामस्वरूप कॉलेज के संपर्क मार्ग की मरम्मत का कार्य सोमवार रात से ही शुरू करा दिया गया। उपायुक्त ने यह भी कहा कि बरसात समाप्त होते ही इस सड़क के स्थायी निर्माण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा। कॉलेज के छात्र आशीष रंजन ने कहा कि उन्हें उपायुक्त के आश्वासन पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि सभी मांगें जल्द पूरी होंगी। वहीं, छात्र जावेद अंसारी ने कहा कि कॉलेज की मान्यता बहाल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन पहले ही कॉलेज पहुंचकर समस्याओं का समाधान करता तो स्थिति और बेहतर होती। साथ ही उन्होंने कहा कि हर लड़ाई संघर्ष के बाद ही जीती जाती है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button