
ऑपरेशन सवेरा के तहत कार्रवाई, 275 ग्राम स्मैक बरामद; चौकी प्रभारी राहुल कुमार की टीम ने दबोचे दोनों आरोपी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। जनपद शामली में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा : नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत चौसाना पुलिस को बुधवार को बड़ी सफलता मिली। थाना झिंझाना की चौसाना चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 275 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तौसीन पुत्र निसार और जाहुल पुत्र इकबाल, दोनों निवासी चौसाना, थाना झिंझाना, जनपद शामली के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना झिंझाना में मु0अ0सं0 384/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया
चोकी प्रभारी राहुल कुमार के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद अब दोनों आरोपियों से मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक की खेप कहां से लाई जाती थी और इसे किन-किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था। इसके लिए आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई जा सके।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी तौसीन का पहले से आपराधिक इतिहास भी दर्ज है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में गैंगस्टर एक्ट, वर्ष 2024 में एनडीपीएस अधिनियम तथा वर्ष 2026 में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। दूसरे आरोपी जाहुल के खिलाफ वर्तमान एनडीपीएस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई को उपनिरीक्षक राहुल कुमार, हेड कांस्टेबल जहीन अख्तर और हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार की टीम ने अंजाम दिया।
थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। वहीं चौकी प्रभारी राहुल कुमार ने कहा कि क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान को और तेज किया जाएगा। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
चौसाना क्षेत्र में लगातार हो रही कार्रवाई के चलते स्थानीय स्तर पर पुलिस की सक्रियता चर्चा में है।