सिंगरौली

कोतवाली बैढ़न में बेखौफ चोरों का आतंक

एक सप्ताह में दूसरी वारदात से व्यापारियों में दहशत

ठेला व्यापारी की दुकान का ताला तोड़कर दो भरे गैस सिलेंडर ले उड़े चोर, पहले गैस भट्टी भी हो चुकी है चोरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। कोतवाली बैढ़न क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रही वारदातों से जहां सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं चोरों के हौसले भी बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला बैढ़न क्षेत्र का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक ठेला व्यापारी की दुकान का ताला तोड़कर दो भरे हुए गैस सिलेंडर चोरी कर लिए।

बताया जा रहा है कि पीड़ित व्यापारी की दुकान को चोरों ने करीब एक सप्ताह पहले भी निशाना बनाया था। उस समय उसकी गैस भट्टी चोरी हो गई थी। पहली चोरी का खुलासा नहीं हो सका और अब दूसरी बार दुकान में चोरी की घटना होने से व्यापारी वर्ग में आक्रोश और भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने ठेला व्यापारी की दुकान का ताला तोड़ दिया और अंदर रखे दो घरेलू गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह जब व्यापारी दुकान पहुंचा तो ताला टूटा मिला और सामान गायब देखकर उसके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
पीड़ित व्यापारी का कहना है कि कुछ दिन पहले भी उसकी दुकान से गैस भट्टी चोरी हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन अभी तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। व्यापारी ने आरोप लगाया कि पहली चोरी का खुलासा नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ गए और उन्होंने दोबारा वारदात को अंजाम दिया।
व्यापारी के अनुसार, वह गुरुवार सुबह करीब 7 बजे शिकायत लेकर कोतवाली बैढ़न पहुंचा, लेकिन उस समय थाना परिसर में कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। काफी देर इंतजार करने के बाद उसे वापस लौटना पड़ा और बाद में दोबारा आवेदन देने के लिए थाने जाना पड़ा।
इधर, लगातार चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त प्रभावी नहीं होने से असामाजिक तत्व सक्रिय हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button