सिंगरौली

विधायक रामनिवास शाह ने शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में किया स्पोर्ट्स क्लब का लोकार्पण

खेलों से विद्यार्थियों में बढ़ता है आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता : विधायक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सिंगरौली में नवनिर्मित स्पोर्ट्स क्लब का भव्य लोकार्पण सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने फीता काटकर स्पोर्ट्स क्लब का शुभारंभ किया और मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके शैक्षणिक जीवन, भविष्य की योजनाओं एवं खेल गतिविधियों को लेकर चर्चा की।
इस अवसर पर विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि एक सफल चिकित्सक बनने के लिए केवल किताबी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, अनुशासन और सकारात्मक सोच भी जरूरी है। खेल गतिविधियां विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करती हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पढ़ाई के साथ नियमित रूप से खेल एवं फिटनेस गतिविधियों में भाग लेने की अपील की।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में स्थापित यह आधुनिक स्पोर्ट्स क्लब विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, जिससे वे शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ शारीरिक रूप से भी स्वस्थ और सक्षम बन सकेंगे।
उन्होंने कहा कि सिंगरौली के युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि युवा अपने सपनों को पूरा कर विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। स्वस्थ युवा ही मजबूत समाज और आत्मनिर्भर राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत हैं।
कार्यक्रम में अमिलिया प्रोजेक्ट हेड संजीव, मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. आर.डी. दत्त, भाजपा जिला महामंत्री विक्रम सिंह चंदेल, आशा अरुण यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष संदीप चौबे, मंडल अध्यक्ष सौरभ गुप्ता, मंडल अध्यक्ष एवं पार्षद कमलेश वर्मा, मंडल महामंत्री राजेश शाह, मंडल उपाध्यक्ष संजय दुबे, भाजयुमो नेता अनिल शाह सहित मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अधिकारी, चिकित्सक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि स्पोर्ट्स क्लब मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button