सिंगरौली

नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान का समापन

पंचायत राज्यमंत्री राधा सिंह ने नशामुक्त समाज बनाने का किया आह्वान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। थाना चितरंगी अंतर्गत ग्राम करथुआ स्थित पंचायत भवन में शुक्रवार को “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी चितरंगी सुधेश तिवारी ने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए नशे के दुष्परिणामों से लोगों को जागरूक किया।
थाना प्रभारी ने नशा विरोधी अभियान में आमजन से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने की अपील की।
समापन समारोह में प्रदेश की पंचायत राज्यमंत्री राधा सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों एवं आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम समाज हित में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने आम नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करने और पुलिस के साथ मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
अपने उद्बोधन में पंचायत राज्यमंत्री राधा सिंह ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उपस्थित युवाओं और ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं। पंचायत राज्यमंत्री एवं पुलिस अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम रक्षा समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और नशामुक्त वातावरण तैयार करने के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना रहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button