बरेली
कांवड़ यात्रा व उर्स-ए-रज़वी को लेकर एसपी सिटी ने की बैठक
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली । श्रावण मास की कांवड़ यात्रा एवं उर्स-ए-रज़वी के दृष्टिगत जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने शुक्रवार को नगर क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों एवं चौकी इंचार्ज के साथ गोष्ठी की। गोष्ठी में क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम भी मौजूद रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देशन में हुई इस बैठक में एसपी सिटी ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी को अलर्ट मोड में रहते हुए ड्यूटी करने के निर्देश दिए। बैठक में एसपी सिटी ने थाना प्रभारियों को संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा नियमित पैदल व वाहन गश्त बढ़ाने को कहा। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए लगातार फ्लैग मार्च और पैदल गश्त करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी समय से उपस्थित होकर पूरी निष्ठा और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। पीस कमेटी के सदस्यों, आयोजन समितियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों से निरंतर संवाद व समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
एसपी सिटी ने निर्देश दिए कि किसी भी आपातकालीन सूचना पर तत्काल पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जाए और उच्चाधिकारियों को तुरंत अवगत कराया जाए। साथ ही होटल, धर्मशाला, लॉज, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन एवं अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा।
उन्होंने आमजन और श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने तथा उन्हें आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। बैठक के अंत में एसपी सिटी ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




