बालाघाट

बैगा बच्चों की मौतों पर सरकार को घेरा

जीतू पटवारी बोले—जवाबदेही तय हो

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : बालाघाट पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने 32 बच्चों की मौत को लेकर उठाए सवाल, स्वास्थ्य सुविधाओं और पोषण व्यवस्था पर लगाए गंभीर आरोप
बालाघाट। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष जीतू पटवारी मंगलवार को एक दिवसीय प्रवास पर बालाघाट पहुंचे। उन्होंने जिले के बैहर विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी एवं बैगा बाहुल्य गांवों में पिछले तीन महीनों के दौरान बच्चों की मौत के मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। पटवारी ने दावा किया कि क्षेत्र में 32 बच्चों की मौत हुई है और इसके लिए सरकार की स्वास्थ्य एवं पोषण व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की।
         पत्रकारों से चर्चा के दौरान पटवारी ने आरोप लगाया कि आदिवासी अंचलों में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों तक पोषण आहार पहुंचाने में भी सरकार विफल रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों की मौतों को केवल बीमारी का मामला मानकर छोड़ना उचित नहीं है, बल्कि इसके पीछे स्वास्थ्य, पोषण, पेयजल और प्रशासनिक व्यवस्था की भी जांच होनी चाहिए।
पटवारी ने सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि आदिवासी बच्चों की मौतों के मामले में जिम्मेदारी तय करने के बजाय सरकार वास्तविक परिस्थितियों से ध्यान भटका रही है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पीड़ित परिवारों को न्याय और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
चावल घोटाले और एथेनॉल प्लांट की जांच का भी मुद्दा उठाया
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बालाघाट में कथित चावल घोटाले का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने एथेनॉल प्लांटों की जांच को लेकर सवाल खड़े करते हुए कहा कि यदि जांच की जा रही है तो सभी संबंधित प्लांटों की जांच समान रूप से क्यों नहीं की जा रही है। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।
पटवारी ने किसानों से जुड़े मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान किसानों से धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर करने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार अपने वादे से पीछे हट रही है। उन्होंने किसानों के हित में घोषित वादों को पूरा करने की मांग की।
पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, आम्बेडकर चौक पर सभा
बालाघाट प्रवास के दौरान जीतू पटवारी ने प्रभावित क्षेत्र के पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी स्थिति जानी। इसके बाद उन्होंने नगर के आम्बेडकर चौक में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। सभा में उन्होंने आदिवासी बच्चों की मौत, स्वास्थ्य सुविधाओं, किसानों और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।
सभा के समापन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने न्याय यात्रा निकाली, जो कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची। यहां जिला प्रशासन को विभिन्न मांगों एवं बच्चों की मौत के मामले में जांच और जवाबदेही तय करने संबंधी ज्ञापन सौंपा गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button