
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : श्रावण मास के प्रथम सोमवार को लोनी शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही मंदिरों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। पूरे दिन मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गुंजायमान रहे।
लोनी बॉर्डर स्थित गुलाब वाटिका कॉलोनी के प्राचीन शिव मंदिर में प्रातः 4 बजे मंगला आरती के साथ पूजा-अर्चना का शुभारंभ हुआ। आरती के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का दूध, घी, शहद तथा गंगाजल से रुद्राभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, पुष्प, फल और मिष्ठान अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
श्रावण माह के पहले सोमवार के अवसर पर लोनी तिराहे सहित क्षेत्र के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिरों का वातावरण भक्ति रस में डूबा नजर आया। एक ओर श्रद्धालु भोलेनाथ के जयकारे लगा रहे थे, वहीं दूसरी ओर भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों की मधुर धुन पर भक्त शिवभक्ति में लीन दिखाई दिए।
सावन के सोमवार का विशेष महत्व: पंडित राकेश आचार्य
इस अवसर पर पंडित राकेश आचार्य ने बताया कि श्रावण मास का प्रत्येक सोमवार भगवान शिव को अत्यंत प्रिय माना जाता है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और विधि-विधान से शिव पूजन एवं सोमवार का व्रत करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन होता है तथा भगवान भोलेनाथ की विशेष कृपा प्राप्त होती है।


