अमरोहा
सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा,हसनपुर। सावन माह के पहले सोमवार को हसनपुर नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिरों में तड़के चार बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।
शिव मंदिरों में मंत्रों के जाप और हर-हर महादेव के जयकारो के बीच जल, दूध, दही, और बेलपत्र अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया गया। नगर के झारखंड महादेव शिवाला, फूलपुर बीझलपुर शिव मंदिर सहित विभिन्न ग्रामीण शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ।
झारखंड महादेव शिवाला मंदिर के पुजारी पंडित सतवीर गिरि ने बताया कि सावन माह में भगवान शिव को केवल जल अर्पित करने से भी विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने समुद्र मंथन की कथा का उल्लेख करते हुए बताया कि जब भगवान शिव ने विष का पान किया था, तब उनके कंठ की जलन शांत करने के लिए देवताओं ने लगातार जलाभिषेक किया था। तभी से सावन में शिवलिंग पर जल चढ़ाने की परंपरा चली आ रही है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए मंदिरों पर पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, नगर पालिका द्वारा मंदिरों के आसपास सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।




