नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी/गाजियाबाद : अंकुर विहार थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक सूचना में परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस की जांच में मामला फैक्ट्री में काम के दौरान करंट लगने से हुई मौत का सामने आया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान फरहाद (25) पुत्र यामीन, निवासी नसबंदी कॉलोनी, बुध नगर, थाना अंकुर विहार के रूप में हुई है। शनिवार शाम करीब छह बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि फरहाद की ससुराल वालों ने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस संत नगर, डीएलएफ स्थित घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि फरहाद की शादी करीब तीन वर्ष पहले नाजरीन, पुत्री लईक अहमद, निवासी अल्वी नगर से हुई थी। शादी के बाद वह ससुराल के पास किराये के मकान में रहने लगा था और अपने साले मोहम्मद अतीक के साथ डीएलएफ स्थित एक डेंटिंग-पेंटिंग फैक्ट्री में काम करता था।
पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे फैक्ट्री में कार्य करते समय फरहाद को विद्युत करंट लग गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को घर ले आए और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अंकुर विहार प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।



