शामली

कृषि यंत्रों पर अनुदान पाने का सुनहरा मौका, आवेदन के लिए केवल 4 दिन शेष

10 अगस्त तक करें ऑनलाइन बुकिंग, कृषि विभाग ने किसानों से समय रहते आवेदन करने की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के अंतर्गत कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने के इच्छुक किसानों के लिए आवेदन का अंतिम अवसर निकट है। उप कृषि निदेशक प्रमोद कुमार ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 निर्धारित है और अब आवेदन के लिए केवल चार दिन शेष रह गए हैं।
उन्होंने बताया कि सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (SMAM), प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू तथा अन्य यंत्रीकरण योजनाओं के अंतर्गत किसानों को विभिन्न कृषि यंत्रों पर शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार अनुदान दिया जाएगा। ऑनलाइन बुकिंग 16 जुलाई 2026 से शुरू होकर 10 अगस्त 2026 की रात्रि 12 बजे तक जारी रहेगी।
इन कृषि यंत्रों पर मिलेगा अनुदान
योजना के तहत कृषि ड्रोन, कस्टम हायरिंग सेंटर, फार्म मशीनरी बैंक, सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, जीरो टिल सीड कम फर्टिलाइजर ड्रिल, स्ट्रा रीपर, रोटावेटर, कल्टीवेटर, हैरो, पावर स्प्रेयर, मैनुअल स्प्रेयर, पावर वीडर, मल्टी क्रॉप प्लांटर, मल्टी क्रॉप थ्रेशर, ट्रैक्टर माउंटेड स्प्रेयर, कंबाइन हार्वेस्टर विद सुपर एसएमएस, शुगरकेन प्लांटर, शुगरकेन रेटून मैनेजर, स्ट्रा चौपर, बेलिंग मशीन सहित अनेक आधुनिक कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।
ऑनलाइन ऐसे करें आवेदन
इच्छुक किसान विभागीय पोर्टल agriculture.up.gov.in पर स्वयं अथवा निकटतम जन सेवा केंद्र (CSC) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय मोबाइल नंबर आवेदक अथवा उसके रक्त संबंधी परिवार के सदस्य—माता, पिता, भाई, बहन, पुत्र, पुत्री या पुत्रवधू—का होना अनिवार्य है।
किसानों से अपील
उप कृषि निदेशक प्रमोद कुमार ने जनपद के सभी किसान भाइयों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपना आवेदन पूरा कर कृषि यंत्रीकरण योजनाओं का लाभ उठाएं
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button