शामली
अगस्त को होगा सिविल सर्विसेज खेल प्रतियोगिताओं का जिला स्तरीय चयन ट्रायल
उधम सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह 11 बजे से होंगे ट्रायल, चयनित खिलाड़ी मंडल व प्रदेश स्तर पर करेंगे प्रतिभाग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। राज्य सरकार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आयोजित होने वाली सिविल सर्विसेज खेल प्रतियोगिताओं के जिला स्तरीय चयन ट्रायल 13 अगस्त 2026 को शहीद उधम सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम, शामली में आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल का शुभारंभ प्रातः 11:00 बजे से होगा।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अश्वनी कुमार त्यागी ने बताया कि चयन ट्रायल में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, शतरंज, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, टेबल टेनिस, टेनिस, वॉलीबॉल, योगासन, तैराकी, वेट लिफ्टिंग, पावर लिफ्टिंग सहित अन्य निर्धारित खेलों के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार केवल राज्य सरकार के नियमित अधिकारी एवं कर्मचारी ही चयन ट्रायल में भाग लेने के पात्र होंगे। नगर निकाय, पंचायत विभाग, पुलिस विभाग के कर्मचारी, शिक्षक तथा स्वायत्तशासी संस्थाओं के कर्मचारी इस प्रतियोगिता में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे।
प्रतिभागियों को अपने विभाग द्वारा जारी कार्य-मुक्ति (Relieving) प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। बिना प्रमाणपत्र के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को चयन ट्रायल में शामिल नहीं किया जाएगा।
18-19 अगस्त को मंडल स्तर, 24-25 अगस्त को प्रदेश स्तर के ट्रायल
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी 18 एवं 19 अगस्त 2026 को अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम, गांधी पार्क, सहारनपुर में आयोजित मंडल स्तरीय चयन ट्रायल में हिस्सा लेंगे। वहीं मंडल स्तर से चयनित खिलाड़ी 24 एवं 25 अगस्त 2026 को आयोजित प्रदेश स्तरीय चयन ट्रायल में अपने-अपने खेलों में प्रतिभाग करेंगे।
उन्होंने बताया कि चयन ट्रायल से संबंधित अधिक जानकारी जिला क्रीड़ा कार्यालय, शामली से प्राप्त की जा सकती है। साथ ही सभी पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समय पर आवश्यक अभिलेखों के साथ ट्रायल में प्रतिभाग करने की अपील की गई है।

