पाकुड़ पुलिस ने 12 घंटे में सुलझाया डबल मर्डर केस, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Pakur police solve double murder case in 12 hours; prime accused arrested.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत झेनागड़िया गांव में महिला एवं उसकी पुत्री की हुई निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू तथा घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, 5/6 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि लगभग 12 बजे झेनागड़िया गांव में एक महिला और उसकी पुत्री की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मामले की सूचना मिलने के बाद लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या-45/26, दिनांक 6 अगस्त 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। जांच के क्रम में पुलिस ने घटना के मात्र 12 घंटे के भीतर झेनागड़िया निवासी 28 वर्षीय अबरास अंसारी उर्फ अबरास मोमिन, पिता अफजल अंसारी उर्फ अफजल मोमिन, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, रक्तरंजित टी-शर्ट एवं बरसाती बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या-26/2020 (दिनांक 19 मई 2020) में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है। इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव, पाकुड़ नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार, हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार, अनिल कुमार पंडित, मोतीलाल मिश्रा, तकनीकी शाखा के सुकदेव साहा, मनोज कुमार मरांडी तथा लिट्टीपाड़ा थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



