बालाघाट

रोटरी क्लब ऑफ बालाघाट रॉयल द्वारा कुटुंब न्यायालय परिसर में किया गया वृक्षारोपण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ बालाघाट रॉयल द्वारा कुटुंब न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुल 50 पौधों का रोपण किया गया, जिनमें 10 आम, 10 जामुन, 10 अमरूद, 5 कटहल, 10 देशी नीम एवं 5 नारियल के पौधे शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान सभी पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय श्री पद्मेश शाह ने कहा कि “वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं। पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। आज लगाया गया एक पौधा आने वाले वर्षों में अनेक लोगों को शुद्ध वायु, छाया एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करेगा। सभी को अपने जीवन में अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर उनकी देखभाल करनी चाहिए।”
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री प्राणेश कुमार प्राण ने अपने उद्बोधन में कहा कि “जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण करना भी उतना ही आवश्यक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिवर्ष एक पौधा लगाकर उसका पालन-पोषण करे, तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।”
रोटरी क्लब ऑफ बालाघाट रॉयल के अध्यक्ष रोटे. अंकित अग्रवाल एवं सचिव एडवोकेट रोटे. विक्रम सिंह भूते ने संयुक्त रूप से कहा कि “रोटरी क्लब सदैव समाजहित एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों के लिए समर्पित रहा है। वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। क्लब भविष्य में भी ऐसे सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएगा।”
रोटरी क्लब ऑफ बालाघाट रॉयल समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं जनकल्याण से जुड़े अनेक सेवा कार्य निरंतर संचालित करता है। इसी सेवा भावना के अंतर्गत आयोजित इस वृक्षारोपण अभियान का उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय श्री पद्मेश शाह, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री प्राणेश कुमार प्राण, विशेष न्यायाधीश श्री रघुवीर पटेल, विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) श्री गौतम सिंह मरकाम, द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश श्री दीप नारायण सिंह, प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश सुश्री तबस्सुम खान सहित अन्य न्यायाधीशगण, न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं रोटरी क्लब ऑफ बालाघाट रॉयल की ओर से अध्यक्ष रोटे. अंकित अग्रवाल, सचिव एडवोकेट रोटे. विक्रम सिंह भूते, कोषाध्यक्ष रोटे. संतोष (गोल्डी) नाहर, पूर्व अध्यक्ष रोटे. संदीप असाटी, रोटे. सौरभ हरिनखेड़े, रोटे. राहुल तुरकर, रोटे. गौरव कोचर, रोटे. मुकुल राठौर, रोटे. राजेश गांधी एवं रोटे. आशीष साहू सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button