पूर्वी सिंहभूम

आदिवासी, मूलवासी, किसान एवं गरीबों के हक-अधिकारों की रक्षा करना सरकार का संकल्प, लोगों की एकजुटता एवं परस्पर सहयोग झारखंड की सबसे बड़ी ताकत – हेमन्त सोरेन

Protecting the rights of tribals, indigenous people, farmers, and the poor is the government's resolve; the unity and mutual cooperation of the people constitute Jharkhand's greatest strength – Hemant Soren.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जमशेदपुर। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अमर शहीद निर्मल महतो जी के 39वें शहादत दिवस के अवसर पर जमशेदपुर के उलियान स्थित उनकी समाधि स्थल पहुंचकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शहीद निर्मल महतो जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत्-शत् नमन किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की धरती वीरों की भूमि रही है। अमर शहीद निर्मल महतो जैसे महान आंदोलनकारियों और मार्गदर्शकों का जीवन एवं संघर्ष समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। लंबे संघर्ष और अनगिनत आंदोलनकारियों के त्याग एवं समर्पण के बाद झारखंड राज्य को अपनी अलग पहचान मिली है। वीर शहीदों के विचार और आदर्श हमेशा समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के आदिवासी, मूलवासी, किसान, गरीब एवं आम नागरिकों के हक-अधिकारों की रक्षा करना सरकार का प्राथमिक संकल्प है। शहीदों के त्याग, समर्पण और संघर्ष के मार्ग पर चलते हुए राज्य की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा। जन-जन तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ सामाजिक एकजुटता, भाईचारे और सौहार्द को मजबूत बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड की जनता की एकजुटता और परस्पर सहयोग ही इस राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। शहीदों के सपनों के अनुरूप एक मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध झारखंड के निर्माण के लिए सभी को मिलकर बिना डरे और बिना रुके आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष शहादत दिवस के अवसर पर सुबह से शाम तक बड़ी संख्या में लोग महान आंदोलनकारी और योद्धा अमर शहीद निर्मल महतो जी को श्रद्धांजलि देने यहां पहुंचते हैं। उन्होंने कहा, “जब तक सूरज-चांद रहेगा, निर्मल महतो का नाम रहेगा।” यह नारा हम सभी के लिए सदैव प्रेरणादायक रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्वों के मार्गदर्शन और संघर्ष से राज्यवासियों का विश्वास, आशीर्वाद और सामूहिक शक्ति एकजुट करने में सफलता मिली है। यही कारण है कि वे झारखंड को ‘वीरों की भूमि’ कहते हैं। इस धरती पर अनेक महान व्यक्तित्व हुए, जो आज हमारे बीच शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हैं, लेकिन उन्होंने अपना जीवन पूरी तरह झारखंड के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि इन महान व्यक्तित्वों ने आदिवासी-मूलवासियों को एकजुट करने, उनके हक-अधिकारों की आवाज को मजबूती देने और न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका संघर्ष, त्याग और समर्पण झारखंड की सामाजिक चेतना एवं पहचान का अभिन्न हिस्सा है। उनके दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के लोगों की एकजुटता का लोहा पूरा देश मानता है। उन्होंने कहा कि राज्य की इसी एकजुटता और ताकत को योजनाबद्ध तरीके से कमजोर करने की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन झारखंड की जनता को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। जब-जब बाहर से लोगों ने यहां के लोगों पर आक्रमण करने का प्रयास किया, तब-तब झारखंडवासियों ने एकजुट होकर उसका सामना किया है। उन्होंने कहा कि आज हम सभी वीर शहीद निर्मल महतो जी को नमन करने के लिए यहां एकत्रित हुए हैं। कुछ दिन पहले ही लंबे समय तक झारखंडवासियों के मार्गदर्शक रहे स्मृति शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की पुण्यतिथि भी मनाई गई, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने एकजुट होकर उन्हें नमन किया और उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड वीरों की धरती है। यहां एक वीर की कहानी सुनाएंगे, तो दूसरे वीरों की कहानी की कड़ियां जुड़ती चली जाएंगी। आज के दिन बड़ी संख्या में लोगों का यहां एकत्रित होना इस बात का परिचायक है कि जो वीर शहीद आज हमारे बीच शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हैं, उनके विचार और आदर्श आज भी हमारे जीवन का मार्गदर्शन कर रहे हैं। हेमन्त सोरेन ने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम सभी अपने वीर शहीदों और मार्गदर्शकों को प्रेरणास्रोत बनाकर जीवन के सफर में आगे बढ़ते रहेंगे। उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए मजबूती के साथ बिना डरे और बिना रुके झारखंड के निर्माण के लिए काम करना होगा। इस अवसर पर विधायक  सबिता महतो, विधायक समीर मोहंती, विधायक  संजीव सरदार, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button