सिंगरौली

PHE में 6.04 करोड़ की योजना 25.27 करोड़ पहुंचाने का आरोप

आप प्रदेश सचिव राजेश सोनी ने प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन, उच्च स्तरीय जांच की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) में पेयजल योजनाओं एवं रेट्रोफिटिंग कार्यों में वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी ने जांच की मांग उठाई है। रविवार को NTPC रेस्ट हाउस में प्रवास के दौरान आप प्रदेश सचिव राजेश सोनी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जिले की प्रभारी मंत्री संपतिया उईके को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराने की मांग की।
आप प्रदेश सचिव राजेश सोनी ने आरोप लगाया कि चितरंगी और देवसर विकासखंड की 9 ग्राम पंचायतों में रेट्रोफिटिंग एवं पेयजल योजनाओं के लिए स्वीकृत राशि 6.04 करोड़ रुपये थी, जिसे बढ़ाकर 25.27 करोड़ रुपये कर दिया गया। उन्होंने इसे करीब 19.23 करोड़ रुपये की अनावश्यक लागत वृद्धि बताते हुए शासकीय धन के दुरुपयोग की आशंका जताई।
उन्होंने आरोप लगाया कि खैरा, नौगई द्वितीय (पराई) सहित अन्य पंचायतों में पहले से बिछाई गई पाइपलाइन के स्थान पर दोबारा पाइपलाइन कार्य कराया जा रहा है, जबकि पुरानी पाइपलाइन का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। साथ ही उन्होंने बिना वैध बैंक गारंटी/एफडी के एजेंसियों को करोड़ों रुपये के कार्य आवंटित किए जाने का भी आरोप लगाया।
राजेश सोनी ने ज्ञापन के माध्यम से योजना का तकनीकी ऑडिट कराने, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आम आदमी पार्टी जनता के हित में आंदोलन और कलेक्ट्रेट घेराव करेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button