बरेली
पीएम ई-विद्या को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में बरेली की बड़ी पहल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्रत्येक बच्चे तक पहुँचाने के भारत सरकार के महत्वाकांक्षी पीएम ई-विद्या अभियान के प्रचार-प्रसार में बरेली अब अग्रणी भूमिका निभाएगा। संयुक्त निदेशक पवन सचान के निर्देशन में एससीईआरटी, उत्तर प्रदेश द्वारा एनसीईआरटी के CIET एवं BISAG-N के सहयोग से आयोजित पाँच दिवसीय प्रशिक्षण के बाद जनपद में पीएम ई-विद्या की एडवोकेसी नए स्तर पर ले जाने की तैयारी शुरू हो गई है।
इस दायित्व के लिए जनपद के 3 शिक्षकों – वेद प्रकाश गौतम, संजीव कुमार एवं डॉ. रजनीश कुमार का चयन किया गया है। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को डिजिटल कंटेंट डिजाइन, स्टूडियो प्रस्तुतीकरण, शैक्षिक वीडियो निर्माण, गुणवत्ता मूल्यांकन एवं प्रभावी डिजिटल शिक्षण की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। एससीईआरटी निदेशक ने कहा कि पीएम ई-विद्या केवल वीडियो प्रसारण नहीं बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को समान रूप से उपलब्ध कराने का राष्ट्रीय मिशन है। प्रशिक्षण के अनुभवों के आधार पर अब विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के बीच व्यापक एडवोकेसी अभियान चलाया जाएगा।
शिक्षक वेद प्रकाश गौतम ने कहा कि पीएम ई-विद्या विद्यार्थियों को निःशुल्क, गुणवत्तापूर्ण एवं 24 घंटे उपलब्ध शैक्षिक सामग्री देता है जिससे कठिन विषय समझना और स्व-अध्ययन को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक पवन सचान ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। प्रशिक्षण में एनसीईआरटी के अखिलेश वर्मा, डॉ. कमलेश यादव, मोनिका भातकुनि व कमल जी की मुख्य भूमिका रही।



