खैरथल

इन्द्रजीत यादव बने जिला परिषद खैरथल-तिजारा के नए जिला प्रमुख

इन्द्रजीत यादव ने अमिता चौधरी को 2 मतों से हराया, 25 में से 24 निर्वाचित सदस्यों ने किया मतदान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
खैरथल-तिजारा। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद खैरथल-तिजारा के प्रमुख पद के लिए बुधवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। प्रमुख पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित था। निर्वाचन प्रक्रिया रिटर्निंग अधिकारी (जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट) की देखरेख में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं नियमानुसार संपन्न करवाई गई।
जिला परिषद प्रमुख पद के लिए दो अभ्यर्थियों के नामांकन स्वीकार किए गए थे। इनमें अमिता चौधरी, निवासी ग्राम जाटवास, तहसील कोटकासिम, इंडियन नेशनल कांग्रेस की प्रत्याशी थीं, जिन्हें हाथ चुनाव चिह्न आवंटित किया गया था। वहीं इन्द्रजीत यादव, निवासी ग्राम श्री कृष्ण नगर, तहसील मुंडावर, भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी थे, जिन्हें कमल चुनाव चिह्न आवंटित किया गया था।
निर्वाचन के दौरान जिला परिषद के कुल 25 निर्वाचित सदस्यों में से 24 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के पश्चात घोषित परिणाम में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी इन्द्रजीत यादव को 13 मत प्राप्त हुए, जबकि इंडियन नेशनल कांग्रेस की प्रत्याशी अमिता चौधरी को 11 मत मिले। इस प्रकार इन्द्रजीत यादव ने 2 मतों के अंतर से विजय प्राप्त की तथा उन्हें जिला परिषद खैरथल-तिजारा के प्रमुख पद पर निर्वाचित घोषित किया गया।
निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया राजस्थान पंचायतीराज अधिनियम, 1994 एवं राजस्थान पंचायतीराज (निर्वाचन) नियम, 1994 तथा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदेशों एवं निर्देशों के अनुसार संपन्न करवाई गई।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button