अमरोहा
गंदगी और जलभराव के वीडियो वायरल होने पर ग्राम प्रधान ने शुरू कराया सफाई कार्य

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा । गंगेश्वरी ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत रुखालू में लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है। गांव के एक मोहल्ले में रास्ते पर कई दिनों से जमा गंदे पानी और कीचड़ के कारण करीब 20 से 30 परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, रास्ते पर जलभराव के चलते स्कूली बच्चों समेत राहगीरों को आवागमन में दिक्कत होती है। कई बार बच्चे फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर समस्या के स्थायी समाधान की बजाय केवल आश्वासन देने का आरोप लगाते हुए जलभराव और गंदगी के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए थे।
वीडियो वायरल होने के बाद ग्राम प्रधान की ओर से जेसीबी लगाकर रास्ते से कीचड़ हटाने और सफाई कार्य शुरू कराया गया। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि केवल कीचड़ हटाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। उन्होंने जलभराव से निजात दिलाने के लिए रास्ते पर सीसी रोड या इंटरलॉकिंग का निर्माण कराने की मांग की है।



