
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बिजनौर/अफजलगढ़। पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद मोटरसाइकिल दिल्ली के मधु विहार थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया। मंगलवार को अफजलगढ़ प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार ने बताया कि सोमवार रात उपनिरीक्षक मनीष कुमार पुलिस टीम के साथ काशीपुर-अफजलगढ़ हाईवे स्थित मजार कट पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिल लेकर जसपुर की ओर से अफजलगढ़ होते हुए हरेवली और हरिद्वार की तरफ जाने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद जसपुर की ओर से बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रोक लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अनुज पुत्र यशपाल निवासी नारायणवाला थाना रेहड़ और निशांत पाल पुत्र जोगिंद्र पाल निवासी नारायणवाला थाना रेहड़ बताया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने पांच-छह महीने पहले प्रिंस ढिल्लो निवासी सुआवाला से 10 हजार रुपये में मोटरसाइकिल खरीदी थी। दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें जानकारी थी कि मोटरसाइकिल प्रिंस दिल्ली से चोरी करके लाया था। इसके बावजूद वे मोटरसाइकिल को बिना नंबर प्लेट के चला रहे थे। चेसिस नंबर की जांच करने पर मोटरसाइकिल का पंजीकरण नंबर DL14ST1080 और इंजन नंबर HA11E8PHB64861 पाया गया। पुलिस ने वाहन को स्टोलन व्हीकल एप पर चेक किया तो मोटरसाइकिल 9 अगस्त 2024 को दिल्ली के चंद्र विहार,मंडावली कल्याणपुरी क्षेत्र से चोरी होना पाया गया। इस संबंध में थाना मधु विहार/ई-पुलिस स्टेशन पूर्वी जिला दिल्ली में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ धारा 317(2) व 317(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी और बरामदगी की वीडियोग्राफी भी कराई गई। कार्रवाई के दौरान हेड कांस्टेबल कलीम हसन और कांस्टेबल विशाल मलिक मौजूद रहे।



