गंगा एक्सप्रेसवे पर देर रात हुए भीषण हादसे में 7 लोग घायल
ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के बाद कार भी टकराई, पति-पत्नी समेत मजदूर हुए घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ । बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर आलमनगर गांव के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का एक्सल टूटने से वह अनियंत्रित होकर पलट गई । इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार भी उससे टकरा गई। इस दुर्घटना में कार सवार पति-पत्नी और ट्रॉली में बैठे मजदूरों सहित कुल सात लोग घायल हो गए।
यह घटना सोमवार देर रात लगभग 12 बजे के आसपास हुई थी । ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली गंगा एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी, जिसमें कई मजदूर भी सवार थे। आलमनगर गांव के सामने पहुंचते ही अचानक तेज आवाज के साथ उसका एक्सल टूट गया। चालक के संभालने से पहले ही भारी-भरकम ट्रॉली बीच सड़क पर पलट गई, जिससे उस पर लदी ईंटें बिखर गईं और मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
हादसा होने के तुरंत बाद, पीछे से आ रही उत्तराखंड नंबर की एक ग्रैंड विटारा कार का चालक पलटी हुई ट्रॉली और सड़क पर बिखरी ईंटों को समय रहते नहीं देख पाया और कार सीधे ट्रॉली से जा टकराई । टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में हरिद्वार जिले के ज्वालापुर निवासी राजेश कुमार अपनी पत्नी कामायनी के साथ यात्रा कर रहे थे, और वे दोनों भी गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ थाना पुलिस और एंबुलेंस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
बहादुरगढ़ थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव ने बताया कि दुर्घटना में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार पांच मजदूर और कार सवार पति-पत्नी समेत कुल सात लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है ।



