पाकुड़-लिट्टीपाड़ा के सीमावर्ती मतदान केंद्रों का सीईओ ने किया निरीक्षण
CEO inspects polling stations along the Pakur-Littipara border.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बुधवार को पाकुड़ एवं लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्रों के सीमावर्ती इलाकों में स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी ली और ग्रामीणों से मतदाता सूची संबंधी जानकारी प्राप्त की। सीईओ ने बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों को घर-घर सत्यापन गंभीरता से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यथासंभव एक परिवार के सभी मतदाता एक ही मतदान केंद्र पर सूचीबद्ध हों और कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। के. रवि कुमार ने सभी पात्र भारतीय नागरिकों से विशेष गहन पुनरीक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि SIR के माध्यम से तैयार मतदाता सूची को स्थायी अभिलेख के रूप में संरक्षित किया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से अपने और परिवार के सदस्यों के विवरण की जांच करने को कहा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 326 के अनुसार केवल भारतीय नागरिक ही निर्वाचक के रूप में पंजीकरण के पात्र हैं। यदि किसी विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने की जानकारी मिलती है, तो निर्धारित फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने राजनीतिक दलों, बीएलए-2 और आम नागरिकों से इस संबंध में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य शुद्ध, त्रुटिरहित एवं समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है। एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम न छूटे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो, इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी, बीएलओ, राजनीतिक दल एवं नागरिक सहयोग करें। मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी मेघा भारद्वाज, दोनों विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ, एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।



