मोबाइल पर गेम खेल रहे बच्चे को मिली जान से मारने की धमकी
चौसाना। मोबाइल पर गेम खेल रहे 10 वर्षीय बच्चे के मोबाइल से अचानक आई आवाज ने उसे दहशत में डाल दिया। आवाज में बच्चे को धमकी दी गई कि अगर वह उनके साथ गेम खेलता नहीं रहा तो उसे जान से मार दिया जाएगा। घबराए बच्चे ने घटना की जानकारी अपने पिता को दी। पिता ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया और चौसाना पुलिस चौकी पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
खोडसमा निवासी हरेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार दोपहर उनका 10 वर्षीय बेटा प्रताप उनके मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इसी दौरान बच्चे ने मोबाइल में एक एप डाउनलोड किया। एप डाउनलोड करने के कुछ देर बाद मोबाइल से अचानक आवाज आने लगी। आरोप है कि आवाज में बच्चे से कहा गया कि या तो हमारे साथ गेम खेलते रहो, वरना तुम्हें जान से मार देंगे।
मोबाइल से आई धमकी भरी आवाज सुनकर बच्चा बुरी तरह घबरा गया और उसने तत्काल अपने पिता को पूरी घटना बताई। बेटे की बात सुनकर हरेंद्र ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। इसके बाद हरेंद्र चौसाना पुलिस चौकी पहुंचे और लिखित तहरीर देकर मोबाइल से धमकी देने वाले व्यक्ति अथवा संबंधित एप की जांच कर कार्रवाई की मांग की।


