बेतुल
बैतूल प्रभात फेरी रोककर सिख युवकों ने घायल की बचाई जान
रांग साइड से आ रही तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, चालक गंभीर घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। रविवार सुबह करीब 5:30 बजे गुरुद्वारा रोड पर रांग साइड से तेज रफ्तार में आ रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक के सिर में गंभीर चोट आई। कार चालक की पहचान 19 वर्षीय पार्थ पिता संतोष गुप्ता निवासी रामनगर, बैतूल के रूप में हुई है। हादसे के समय वह कार में अकेला था।
इसी दौरान गुरुद्वारा रोड पर प्रभात फेरी निकाल रहे सिख समाज के युवकों ने घायल को देखा। उन्होंने प्रभात फेरी रोककर तत्काल अपने वाहन से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।श्री योग वेदांत सेवा समिति बैतूल के संरक्षक एवं समाजसेवी राजेश मदान ने बताया कि गुरुद्वारा गुरुसिंघ सभा बैतूल के सेवादार धार्मिक आयोजनों के साथ जरूरतमंदों की मदद, रक्तदान और सड़क हादसों में घायलों की सहायता के लिए भी तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि सिख युवकों ने घायल की मदद कर मानवता का परिचय दिया है।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गुरुद्वारा रोड पर रांग साइड और तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने के लिए यातायात व्यवस्था सख्त करने की मांग की है।



