गाजियाबाद
अंकुर विहार में महिला ने फंदे से लटककर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : अंकुर विहार थाना क्षेत्र की कच्चा बलराम नगर कालोनी में बुधवार को 46 वर्षीय महिला ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान मधु पत्नी सुनील, निवासी छाछोला, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मधु की शादी करीब 20 वर्ष पहले सहारनपुर निवासी सुनील से हुई थी। करीब एक वर्ष पूर्व वह अपने पति से अलग होकर अंकुर विहार क्षेत्र में रहने लगी थी और कच्चा बलराम नगर निवासी किरण पाल के मकान में किराये पर रह रही थी।
बताया गया कि करीब एक माह पूर्व उसके साथ रहने वाला सुनील किसी काम से बाहर चला गया था। इसी दौरान बुधवार को मधु ने कथित तौर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना सुबह करीब 8:28 बजे पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका के पिता वेद प्रकाश सहित परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य है।
