पाकुड़ में विद्युत सब स्टेशन के कंट्रोल रूम और पलाश स्मार्ट भवन का शिलान्यास
Foundation stone laid for the electricity substation control room and Palash Smart Building in Pakur.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखंड विधानसभा आम निर्वाचन में पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित विधायक निसात आलम ने बुधवार को उदयनारायणपुर पंचायत क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में कालिदहा तालाब के समीप निर्माणाधीन विद्युत सब स्टेशन परिसर में कंट्रोल रूम निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, विद्युत विभाग के अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी रही। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक निसात आलम ने कहा कि निर्माणाधीन सब स्टेशन अगले तीन माह में पूरी तरह तैयार होकर प्रभावी रूप से कार्य करना शुरू कर देगा। इससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। कार्यपालक अभियंता शैलेंद्र बेसरा ने बताया कि वर्तमान में कई घरों तक बांस अथवा लकड़ी के खंभों के माध्यम से विद्युत तार पहुंचाए गये हैं। बरसात के बाद विभाग की ओर से आवश्यक स्थानों पर विद्युत खंभे उपलब्ध कराकर व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने विधायक से उदयनारायणपुर पंचायत भवन से रघुनाथपुर गांव के कालिदहा तालाब के समीप निर्माणाधीन सब स्टेशन तक पीसीसी सड़क निर्माण की पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से विद्युत विभाग के उपकरणों एवं सामग्री को सब स्टेशन तक पहुंचाने में सुविधा होगी। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, बीस सूत्री अध्यक्ष मानसारुल हक, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद, मुखिया आरिफ हुसैन उर्फ राजा, असद हुसैन, शाहीन परवेज, बेलाल शेख, सलीम हुसैन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके बाद विधायक निसात आलम ने पाकुड़ प्रखंड परिसर में स्पेशल डिवीजन के माध्यम से लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पलाश मार्ट भवन के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। इस दौरान जेएसएलपीएस की दीदियों ने विधायक का जोरदार स्वागत किया। जेएसएलपीएस की दीदियों ने विधायक के समक्ष विभिन्न समस्याओं और मांगों को रखा तथा उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की। विधायक ने उनके प्रयासों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाने और उनके कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने हुनर को आगे बढ़ाते हुए निरंतर कार्य करते रहें, ताकि क्षेत्र में सकारात्मक माहौल तैयार हो सके। कार्यक्रम में अंचल अधिकारी अरविंद कुमार बेदिया समेत अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण सहित जेएसएलपी



