गाजियाबाद
लोनी में प्लाट विवाद को लेकर युवक की पीट-पीटकर हत्या का आरोप
चार महिलाओं समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : अंकुर विहार थाना क्षेत्र में प्लॉट पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद के बीच 35 वर्षीय युवक सोनू की धारदार हथियार और लोहे की रॉड से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने एक महिला, उसकी मां, मृतक की पत्नी और एक अन्य महिला समेत अज्ञात लोगों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, सोनू का महालक्ष्मी एन्क्लेव में करीब 30 वर्ग गज का प्लॉट है। आरोप है कि उक्त प्लॉट पर कब्जा करने को लेकर सपना, उसकी मां रेखा, गुंजन और किरण से उसका विवाद चल रहा था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि करीब एक वर्ष से आरोपी पक्ष द्वारा प्लॉट पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। इसी विवाद को लेकर पूर्व में भी गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं हुई थीं तथा सोनू के खिलाफ कथित रूप से मुकदमा दर्ज कराया गया था।
शिकायत के मुताबिक, 19 अगस्त की शाम करीब आठ बजे सोनू दुकान से सामान लेने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में सपना, उसकी मां रेखा, गुंजन और किरण ने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे घेर लिया। आरोपियों ने सोनू पर धारदार हथियार, लोहे की रॉड और अन्य घातक हथियारों से हमला कर दिया। हमले में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों के अनुसार, सोनू को बचाने के लिए लोग आगे बढ़े तो आरोपी कथित तौर पर धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में सोनू को उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल, दिल्ली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और हत्या के मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस दस्तावेज के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी एसीपी अंकुर विहार को दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
