
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। ग्राम खदारा विकासखंड घोड़ाडोंगरी में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा, एक पेड़ मां के नाम अभियान एवं तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, महिला सहभागिता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाना था। कार्यक्रम पर्यावरणविद पद्मश्री मोहन नागर, विधायक घोड़ाडोंगरी गंगा सज्जन सिंह उइके, पूर्व विधायक एवं सदस्य अनुसूचित जनजाति आयोग मंगल सिंह धुर्वे, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र कवड़े के आतिथ्य में हुआ।
गांव में निकली नवांकुर सखी हरियाली यात्रा
कार्यक्रम के दौरान पूरे ग्राम खदारा में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा एवं तिरंगा यात्रा की रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महिलाओं ने हाथों में तिरंगा एवं पौधे लेकर पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्र प्रेम का संदेश दिया। एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत सभी अतिथियों द्वारा महिलाओं को पौधों का वितरण किया गया। महिलाओं को अपने घरों एवं आसपास पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर पौधारोपण भी किया गया और ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
प्रत्येक पौधे का अपना विशेष महत्व: मोहन नागर
अतिथि मोहन नागर ने कहा कि पेड़ों का हमारे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। अलग-अलग स्थानों की परिस्थितियों के अनुसार अलग-अलग पौधों का रोपण किया जाता है और प्रत्येक पौधे का अपना विशेष महत्व होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर के सामने नीम का पौधा अवश्य होना चाहिए, क्योंकि नीम पर्यावरण एवं मानव जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी वृक्ष है।
हर शुभ अवसर पर करें पौधारोपण: विधायक गंगा उइके
गंगा सज्जन सिंह उइके, विधायक घोड़ाडोंगरी ने हरियाली अमावस्या के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रकृति एवं पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं अन्य शुभ अवसरों पर पौधारोपण अवश्य करना चाहिए। मंगल सिंह धुर्वे ने कहा कि प्रत्येक गांव में लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। पर्यावरण संरक्षण के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार सभी गांवों में चलाए जाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम का संचालन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक संतोष सिंह राजपूत ने किया।
यह थे मौजूद
इस अवसर पर प्रमुख रूप से रेवाराम, जनपद सदस्य पाढर सेक्टर, नंदन यादव, मंडल अध्यक्ष, नरेंद्र उइके, आशीष शुक्ला, मंडल उपाध्यक्ष, प्रतीक रघुवंशी, सामाजिक कार्यकर्ता, अनिल उइके, ग्राम बाचा एवं पवन परते , ग्राम बज्जरवाड़ा सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, महिला शक्ति की उपस्थिति में संपन्न हुआ।




