बरेली
वाहन चालक कांवड़ियों को चैम्बर ऑफ कॉमर्स ने दिए हेलमेट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। सेंट्रल यू.पी. चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, बरेली द्वारा पवित्र सावन माह में कांवड़ यात्रा में शामिल दोपहिया वाहन चालकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निःशुल्क हेलमेट वितरण मंडल आयुक्त शंभू कुमार द्वारा कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंडलायुक्त बरेली शंभू कुमार तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप में आरटीओ बरेली पंकज सिंह एवं एसपी (यातायात) मोहम्मद अकमल खान उपस्थित रहे।
इस दौरान कांवड़ यात्रा में शामिल दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। पहल का उद्देश्य कांवड़ यात्रियों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करना तथा यात्रा के दौरान यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को प्रोत्साहित करना है।
मुख्य अतिथि मंडलायुक्त शंभू कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और विश्वास से जुड़ी महत्वपूर्ण यात्रा है। प्रत्येक कांवड़िए का सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचना अत्यंत महत्वपूर्ण है। यातायात नियमों का पालन करने से व्यक्ति न केवल स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करता है, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन की सुरक्षा में भी योगदान देता है।
एसपी (यातायात) मोहम्मद अकमल खान ने कहा कि चैम्बर की यह ‘जनमानस की सुरक्षा मुहिम’ सराहनीय पहल है।
आरटीओ पंकज सिंह ने दोपहिया चालकों से हेलमेट पहनने, गति नियंत्रित रखने तथा यातायात संकेतों का पालन करने का आग्रह किया। चैंबर के अध्यक्ष राजीव सिंघल ने बताया कि संस्था पिछले 61 वर्षों से व्यापार-उद्योग के साथ सामाजिक व जनहित कार्यों में सक्रिय है। सचिव शरद अग्रवाल व पूर्व सचिव अल्पित अग्रवाल ने सुरक्षा मानकों के पालन का आह्वान किया। अंत में पदाधिकारियों द्वारा कांवड़ियों को फल एवं भोजन के पैकेट भी वितरित किए गए।




