बेतुल

बैतूल स्कूलों में एबीवीपी के सदस्यता अभियान पर आप की आपत्ति

सारनी के शासकीय व निजी स्कूलों में गतिविधियां संचालित होने का आरोप,शिक्षा विभाग से जांच की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
अजय सोनी बोले- 18 वर्ष से कम उम्र के विद्यार्थियों को सदस्यता दिलाने से पहले नियमों का पालन जरूरी
बैतूल। घोड़ाडोंगरी विकासखंड के सारनी क्षेत्र के कुछ शासकीय एवं निजी विद्यालयों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कथित सदस्यता अभियान को लेकर आम आदमी पार्टी ने आपत्ति जताई है। पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं प्रदेश उपाध्यक्ष तथा नर्मदापुरम जोन प्रभारी अजय सोनी ने आरोप लगाया कि कुछ सदस्य विद्यालय परिसरों में जाकर अभियान चला रहे हैं और यह गतिविधियां प्राचार्यों की मौजूदगी में होने की बात सामने आई है।
अजय सोनी ने कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के स्कूली विद्यार्थियों को किसी राजनीतिक या छात्र संगठन की सदस्यता दिलाने से पहले शासनादेश और शिक्षा विभाग के नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा और व्यक्तित्व निर्माण के केंद्र हैं, इसलिए ऐसी गतिविधियों से शैक्षणिक वातावरण प्रभावित नहीं होना चाहिए।
आप ने सारनी नगर पालिका क्षेत्र के साथ कुछ ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में भी सदस्यता अभियान चलने का आरोप लगाते हुए शिक्षा विभाग से जांच की मांग की है। पार्टी ने कहा कि अधिकारियों से मुलाकात कर संबंधित नियमों की जानकारी दी जाएगी और यदि जांच में नियम विरुद्ध गतिविधियां प्रमाणित होती हैं तो जिम्मेदार व्यक्तियों तथा अनुमति या प्रोत्साहन देने वाले अधिकारियों व प्राचार्यों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की मांग की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button