
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
फतेहपुर। केंद्र सरकार के प्रस्तावित MMDR संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। सोमवार को फतेहपुर के सालबगान में प्रखंड अध्यक्ष अशोक महतो की अध्यक्षता में पार्टी की बैठक हुई। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में विधानसभा अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और खनिज संसाधनों से मिलने वाला राजस्व विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने आशंका जताई कि प्रस्तावित संशोधन से राज्य के खनिज संसाधनों और राजस्व पर असर पड़ सकता है, जिसका प्रभाव आम लोगों और गरीबों के लिए संचालित योजनाओं पर पड़ सकता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधेयक के संभावित प्रभावों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि 7 सितंबर को फतेहपुर प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। विधायक ने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने तथा पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचने की अपील की।
बैठक में पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय बनाने का आह्वान किया गया।
मौके पर जिला सचिव परेश यादव, प्रखंड प्रमुख अरविंद कुमार मुर्मू, प्रखंड सचिव वकील सोरेन, नाला प्रखंड अध्यक्ष उज्ज्वल भट्टाचार्य समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।



