माता मंदिर में घुसे अज्ञात चोर, कपड़े की दुकान का करीब 35 हजार का सामान चोरी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। माता मंदिर परिसर में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने घुसकर कपड़े की दुकान का सामान चोरी कर लिया। चोरी की घटना का पता बुधवार सुबह मंदिर खोले जाने पर चला। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई और चोरी हुआ सामान बरामद कराने की मांग की है।
माता मंदिर निवासी गर्वित शर्मा पुत्र चंद्रकांत शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी माता मंदिर में पुजारी के रूप में सेवा करती हैं। गर्वित शर्मा मंदिर के बाहर कपड़े की दुकान लगाते हैं। आरोप है कि एक सितंबर की रात अज्ञात चोर मंदिर परिसर में घुस गए और मंदिर के अंदर रखा उनकी दुकान का सामान चोरी कर ले गए।
बुधवार सुबह मंदिर खोले जाने पर सामान गायब मिलने से चोरी की घटना का पता चला। पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये है। गर्वित शर्मा ने पुलिस से मामले की जांच कर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई, चोरी हुआ सामान बरामद कराने तथा मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान कराने की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।