
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बिडोली,झिंझाना। क्षेत्र के गांव खेड़ी जुनारदार में शुक्रवार को चाय बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से ब्रह्म सिंह के दोनों पैर झुलस गए, जबकि देखते ही देखते मकान में रखा सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। घटना में मकान के जलने से करीब 50 से 60 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार ओमप्रकाश पुत्र ब्रम्हजीत अपने मकान में चाय बना रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ओमप्रकाश ने किसी तरह अपनी जान बचाते हुए मकान से बाहर निकलकर जान बचाई।
बताया गया कि बाहर निकलते समय उनकी जेब से वीवो का मोबाइल फोन गिर गया, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया। आग इतनी भीषण थी कि मकान में रखा सामान भी जलकर राख हो गया।
गनीमत रही कि मकान के बराबर में पशुओं का छप्पर पड़ा हुआ था, लेकिन आग वहां तक नहीं पहुंची। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आग के दौरान सिलेंडर में ब्लास्ट हो जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था और भारी जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
घटना में ओमप्रकाश के दोनों पैर झुलसने के साथ ही मकान और घरेलू सामान जलने से करीब 50 से 60 हजार रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

