
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। धार्मिक भक्त समाज की महिला मंडली की ओर से मंदिर ठाकुर द्वारा स्थित गीता सत्संग भवन में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम और श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। श्री कृष्ण जन्मोत्सव में भक्ति, संगीत और बाल कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि उपस्थित महिलाएं भी झूमने को मजबूर हो गईं।
जन्मोत्सव में करीब तीन दर्जन नन्हे-मुन्ने बालक-बालिकाएं श्री राधा-कृष्ण का मनमोहक वेश धारण कर कार्यक्रम में पहुंचे। गोद में आने वाले नन्हे शिशुओं से लेकर करीब छह वर्ष तक के बाल कलाकारों ने उत्साह और उमंग के साथ राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकी प्रस्तुत की।
महिला मंडली ने श्री राधा-कृष्ण के भजनों का गुणगान कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं नन्हे राधा-कृष्ण बने बाल कलाकारों ने अपने मनपसंद भजनों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की मासूम अदाओं और मनमोहक प्रस्तुतियों पर पूरा सत्संग भवन तालियों और जयकारों से गूंज उठा।
जन्माष्टमी उत्सव का संचालन श्रीमती संगीता मित्तल ने किया, जबकि युवा तुषार मित्तल ने संगीत की कमान संभालते हुए भजनों और प्रस्तुतियों में रंग भर दिया। कार्यक्रम के दौरान महिला मंडली एवं श्रद्धालुओं ने श्री कृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियां भक्ति और उल्लास के साथ मनाईं। मनमोहक प्रस्तुति को लेकर बाल कलाकार अनोखी और अंश को बेस्ट पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
बाल कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्नों को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो स्वयं नंदलाल और राधारानी बाल रूप में जन्मोत्सव में पधार गए हों।


