
शामली। शामली में दिशा की बैठक के बाद सांसद इकरा हसन ने कहा कि प्रदेश में भाजपा को सपा ही हरा सकती है। उन्होंने कांग्रेस और गठबंधन को लेकर भी बयान दिया। बैठक में विकास कार्यों से जुड़े कई मुद्दे उठाए गए।
शामली में दिशा की बैठक के बाद प्रेसवार्ता में कैराना सांसद इकरा हसन ने प्रदेश की राजनीति को लेकर बड़ा हमला बोल दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में यदि भाजपा को कोई हरा सकता है तो वह समाजवादी पार्टी ही है। भाजपा को सपा ही हरा सकती है : इकरा
दिशा की बैठक के बाद प्रेसवार्ता में सांसद इकरा हसन ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के मुकाबले समाजवादी पार्टी ही मुख्य राजनीतिक चुनौती है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को प्रदेश में कोई हरा सकता है तो वह सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव हैं। कांग्रेस को लेकर उन्होंने कहा कि वह कुछ नहीं कर पाएगी। गठबंधन नहीं रहने पर कांग्रेस के लिए नुकसान होगा, जबकि सपा को इससे कोई नुकसान नहीं होगा।
विकास कार्यों में देरी का मुद्दा उठाया-दिशा की बैठक में इकरा हसन ने अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों में देरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष में होने के कारण उनके क्षेत्र के काम नहीं हो रहे हैं। सांसद ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजकुमार सिंह से सवाल किया कि क्या वह भाजपा और रालोद के हैं। इस पर अभियंता ने स्पष्ट किया कि वह किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता नहीं हैं और शासन के निर्देश के अनुसार काम कर रहे हैं।
सांसद ने बताया कि गढ़ी दथेडा से नाई नगला होते हुए थालवा और कैराना से इस्सौपुर खुरगान तक सड़क निर्माण के लिए शासन से मंजूरी कराई गई है। उन्होंने 800 मीटर सड़क का निर्माण कराने और प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की।
राजकीय इंटर कॉलेज और शिक्षकों की कमी का मामला-इकरा हसन ने चौसाना और माल्हीपुर में राजकीय इंटर कॉलेज नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण कॉलेज के लिए भूमि देने को तैयार हैं। उन्होंने डीआईओएस और डीएम से राजकीय इंटर कॉलेज का प्रस्ताव तैयार कराने को कहा।
सांसद ने बंतीखेड़ा जूनियर हाईस्कूल और इस्सौपुर खुरगान में गणित व विज्ञान के शिक्षकों की कमी का मामला भी उठाया। चहारदीवारी विहीन प्राथमिक विद्यालयों की सूची डीएम को सौंपी गई। कैराना के दिगंबर जैन इंटर कॉलेज को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने का मामला भी बैठक में रखा गया।



