सिंगरौली
जिला अस्पताल ट्रॉमा सेंटर में CED MAP के जरिए कार्यरत कर्मचारियों के भुगतान का मामला लंबित
कलेक्ट्रेट में सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिला चिकित्सालय ट्रॉमा सेंटर, बैढ़न में सेडमैप कंपनी के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों ने लंबित वेतन, PF, एरियर एवं निर्धारित मानदेय के भुगतान को लेकर जिला कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपकर जल्द समस्या के निराकरण की मांग की है।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि वे ट्रॉमा सेंटर में सुरक्षा गार्ड, सफाई कर्मी, वार्ड बॉय, सहित अन्य पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
कर्मचारियों के अनुसार पिछले दो माह का वेतन लंबित है। इसके अलावा पिछले तीन माह के PF की राशि जमा नहीं होने, एरियर तथा अन्य निर्धारित भुगतानों का मामला भी लंबित है।
कर्मचारियों का कहना है कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन लगातार कर रहे हैं, लेकिन समय पर वेतन और मानदेय नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उनके पद के अनुसार निर्धारित मानदेय और भुगतान भी कई मामलों में पूर्ण रूप से नहीं मिला है।
ज्ञापन के माध्यम से कलेक्टर से मांग की गई है कि लंबित दो माह के वेतन का तत्काल भुगतान कराया जाए, पिछले तीन माह के PF की जांच कर नियमानुसार राशि जमा कराई जाए, एरियर एवं अन्य लंबित भुगतान का निराकरण कराया जाए तथा भविष्य में प्रत्येक माह निर्धारित समय पर वेतन और मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
कर्मचारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित करना नहीं है, बल्कि लंबे समय से लंबित अपनी जायज मांगों और भुगतान का समाधान कराना है। कर्मचारियों ने जिला प्रशासन से CED MAP कंपनी और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर भुगतान संबंधी समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की है।




