बरेली
बरेली में गूंजा प्रेमचंद का ‘बड़े भाई साहब’, शिक्षा व्यवस्था पर कटाक्ष

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बरेली। रंगालय एकेडमी द्वारा आयोजित 15 दिवसीय थिएटर फेस्टिवल के पांचवें दिन गुरुवार को खुशहाली ऑडिटोरियम में मुंशी प्रेमचंद की कहानी ‘बड़े भाई साहब’ का मंचन हुआ। विविध सेवा संस्थान और सृष्टि थिएटर की प्रस्तुति को सरबजीत सिंह ने निर्देशित किया।
कहानी को आज की परीक्षा-केंद्रित शिक्षा से जोड़कर पेश किया गया, जहां बड़ा भाई छोटे को उपदेश देता है पर खुद फेल होता है। बड़े भाई की भूमिका सत्येंद्र यादव और छोटे भाई की भूमिका अभिमन्यु यादव ने निभाई। प्रकाश-संगीत अंगद कश्यप का रहा। फेस्टिवल संयोजक शैलेंद्र सक्सेना ने कहा कि फेस्टिवल का उद्देश्य युवाओं को मंच देना है। कार्यक्रम का शुभारंभ अनिल अग्रवाल और गुरविंदर सिंह ने किया। शुक्रवार को ‘गज, फुट, इंच’ नाटक का मंचन होगा।



